प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं से नशे से दूर रहकर ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ के संकल्प को जनआंदोलन बनाने का किया आह्वान
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कुंवावाला, देहरादून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें संस्करण को सुना। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों और अभिनव प्रयासों को देश-दुनिया के सामने लाने का प्रभावी माध्यम बन गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम में युवाओं को नशे से दूर रहने और ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ के संकल्प को जनआंदोलन बनाने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त युवा ही सशक्त और विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के इस आह्वान से युवाओं में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के साथ ही स्वस्थ, सकारात्मक और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित युवा शक्ति के निर्माण को नई ऊर्जा मिलेगी।
गौरवशाली इतिहास और विरासत से जुड़ेंगे युवा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत के गौरवशाली इतिहास और समृद्ध विरासत को नई पीढ़ी तक रोचक एवं सरल तरीके से पहुंचाने के लिए किए जा रहे अभिनव प्रयासों का भी उल्लेख किया। ऐसे प्रयास युवाओं को देश के इतिहास से जोड़ने के साथ उनमें भारतीय संस्कृति, विरासत और राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना को और मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ‘मन की बात’ के माध्यम से देश के विभिन्न क्षेत्रों में सामान्य नागरिकों द्वारा किए जा रहे असाधारण कार्यों, नवाचारों और जनभागीदारी के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान प्रदान कर रहे हैं। इससे समाज के अन्य लोगों को भी अपने क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा मिलती है।
युवाओं से नशा मुक्त भारत के निर्माण में योगदान का आह्वान
मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं से प्रधानमंत्री के संदेशों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सशक्त और सकारात्मक सोच के साथ विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और यदि युवा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को रचनात्मक कार्यों में लगाएंगे तो भारत के विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प को और गति मिलेगी।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, मदन कौशिक, भरत चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे।
